उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के संबंध में आज मैंने अपनी साथी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं अजय भट्ट के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री उत्तरकाशी में हुई इस भयानक आपदा से अत्यंत दुखी, शोकग्रस्त एवं व्यथित हैं। वह स्वयं राहत एवं बचाव कार्य की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की सभी एजेंसियां पूरी तत्परता से राहत, बचाव और पुनर्वास के कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार धराली सहित सभी आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। साथ ही, केंद्र सरकार उत्तराखंड को इस आपदा से लड़ने और इससे बाहर आने के लिए हर तरह से मदद कर रही है।
प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों से कहा कि वे अपने लोकसभा क्षेत्रों के वर्षा प्रभावित और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के संपर्क में रहें और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास करें।

















