|
भारतीय क्रांतिकारी स्मृति संस्थान ने 28 मई को जयपुर में स्वातंत्र्यवीर सावरकर की 131 वीं जयंती मनाई। स्थानीय विश्व संवाद केन्द्र सभागार में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि जयपुर के सांसद रामचरण बोहरा तथा विशिष्ट अतिथि किशनपोल के विधायक मोहनलाल गुप्ता थे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर वीर सावरकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। भारतीय क्रांतिकारी स्मृति संस्थान के अध्यक्ष श्री कन्हैयालाल चतुर्वेदी ने कहा कि यह संस्थान ऐसे क्रांतिकारियों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित करता है जिनके प्रयासों से देश को आजादी मिली। सांसद रामचरण बोहरा ने संस्थान को क्रांतिकारियों की स्मृति बनाए रखने के लिए बधाई देते हुए वीर सावरकर के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 1905 में सबसे पहले सावरकर जी ने विदेशी वस्त्रों की होली जलाई थी। उन्होंने ही 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को विश्व इतिहास में स्थान दिलवाया। उन्होंने तकार्ें एवं तथ्यों के आधार पर दुनिया के सामने भारत की स्वतंत्रता की वकालत की थी। इस अवसर पर वीर सावरकर पर एक फीचर फिल्म भी दिखाई गई। सुधीर फड़के की इस तीन घण्टे की फिल्म के निदेशक वेद राही हैं। इसमें सावरकर की भूमिका शैलेन्द्र गौड़ ने निभाई है तथा संगीत स्वयं सुधीर फड़के ने दिया है। फिल्म में सावरकर के जीवन का वस्तुपरक प्रस्तुतीकरण हुआ है। समारोह में महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, पूर्व आयकर आयुक्त वी़ एस. कोठारी, रिजर्व बैंक के पूर्व सहायक महाप्रबन्धक सुरेश चन्द्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
– प्रतिनिधि











