रक्षा बंधन के मौके पर घर पर ऐसे बनाएं मावा बर्फी
रक्षा बंधन के खास मौके पर मिठाई बनाना हर घर की परंपरा होती है, और मावा बर्फी एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प है।
आइए जानते हैं मावा बर्फी बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री- मावा- 500 ग्राम, चीनी - स्वादानुसार, इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच, केसर के धागे- 10-12, दूध- 2-3 बड़े चम्मच, कटे हुए ड्राय फ्रूट्स(बादाम, पिस्ता)- सजाने के लिए।
विधि- सबसे पहले 2-3 बड़े चम्मच गर्म दूध में केसर के धागे भिगोकर अलग रखें।
अब एक कढ़ाही में मावा डालें और मीडियम आंच पर 6-8 मिनट तक भूनें जब तक वह हल्का सुनहरा न हो जाए। ध्यान रखें कि मावा जल न जाए, लगातार चलाते रहें।
अब इसमें चीनी डालें और अच्छे से मिलाएं। चीनी घुलने के बाद मिश्रण थोड़ा ढीला हो जाएगा, लेकिन कुछ देर में फिर से गाढ़ा होने लगेगा।
इलायची पाउडर और केसर वाला दूध डालें, अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक वह पैन के किनारों को छोड़ने लगे और एकसार हो जाए।
एक थाली या ट्रे को घी से चिकना करें। अब तैयार मिश्रण को उसमें फैलाएं और समतल कर दें।
ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता आदि डालकर हल्का दबा दें। बर्फी को कम से कम 1-2 घंटे ठंडा होने दें। ठंडी होने पर मनचाहे आकार में काट लें।