
नई दिल्ली: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 सितंबर को देशभर के 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और 23 सितंबर की रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के बीच, कलिंगपट्टनम के आसपास, डीप डिप्रेशन के रूप में तट को पार कर सकता है। जिसके कारण 24 सितंबर को छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों के पास भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 24 सितंबर को कोई बारिश होने की संभावना नहीं है। IMD ने अनुमान जताया है कि 27, 28 सितंबर को राजधानी दिल्ली में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं, 24 सितंबर को यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। 25 सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ेगी, जहां अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बिहार में भी 24 सितंबर को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।झारखंड में भी 24 सितंबर को मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में भी 24 सितंब को बारिश का अलर्ट है।