मौसम विभाग ने आज देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में पहले से चल रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति और बिगड़ गई है।
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी जिले में एक सेना शिविर में अचानक आई बाढ़ में दो आश्रय स्थल बह गए। इससे पांच सैन्यकर्मी लापता हो गए हैं। ऊपरी सुबनसिरी जिले में एक सड़क निर्माण स्थल पर भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई। राज्य के कई जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से हालात खराब हैं। कुछ जगहों पर सड़कें बंद हो गई हैं और लोगों का रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश और तूफान की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है। इनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, बदायूं, शाहजहांपुर, इटावा, लखीमपुर खीरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, फिरोजाबाद, अयोध्या, बस्ती, बुलंदशहर, गाजीपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया शामिल हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसे भी पढ़ें: #विभाजन विभीषिका : स्मृतियां जो रुलाती हैं, स्मृतियां जो जगाती हैं
बिहार और पहाड़ी राज्यों की स्थिति
बिहार के पश्चिम चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश जारी है। असम में नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाके प्रभावित हुए हैं। सिक्किम में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिसकी वजह से स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

















