दुबई एयर शो में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा देखने को मिला। भारत में बने तेजस लड़ाकू विमान का उड़ान प्रदर्शन के दौरान क्रैश हो गया। जैसे ही हादसा हुआ, दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता दिखा। इस घटना को वहां मौजूद कई लोगों ने अपनी आंखों से देखा, जबकि कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे हुई। तेजस, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा बनाया गया भारत का हल्का और आधुनिक लड़ाकू विमान है। यह एक सिंगल-सीट लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है, जिसे भारत की रक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
हादसे में पायलट की मौत हो गई है। जांच के लिए संबंधित टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और यह पता लगाने में जुटी हैं कि दुर्घटना की वजह क्या थी। दुबई एयर शो दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित एविएशन इवेंट्स में से एक माना जाता है। हर साल यहां कई देशों की वायु सेनाएं अपने उन्नत विमानों का प्रदर्शन करती हैं। साथ ही, अरबों डॉलर के विमान सौदे भी इसी शो में होते हैं। इस साल भी कई बड़े रक्षा करार हुए हैं, लेकिन तेजस विमान की दुर्घटना ने इस आयोजन में सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
तेजस की खासियत- तेजस विमान भारत की सेनाओं के लिए गर्व का विषय रहा है। यह 4.5-जनरेशन का मल्टी-रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है, जो एक साथ कई तरह के काम कर सकता है। जैसे- एयर डिफेंस, हमले के मिशन, दुश्मन की लो-लेवल गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर नजदीकी लड़ाई भी करना। तेजस अपने हल्के वजन, तेज गति और अत्याधुनिक तकनीक के कारण दुनिया के बेहतरीन हल्के लड़ाकू विमानों में गिना जाता है। इस विमान की एक खास बात इसका Martin-Baker zero-zero ejection seat है। यह सीट पायलट की सुरक्षा के लिए बनाई गई है। इसकी मदद से पायलट जीरो स्पीड और जीरो ऊंचाई पर भी सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकल सकता है। चाहे टेकऑफ हो, लैंडिंग हो या फिर बहुत नीचे उड़ान किसी भी स्थिति में यह सीट पायलट को तेजी से बाहर निकालती है। कैनोपी स्वतः उड़ जाती है, और कुछ ही सेकंड में पैराशूट खुलकर पायलट को सुरक्षित नीचे उतरने में मदद करता है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

















