अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मशहूर अमेरिकी फाइनेंसर और वामपंथी जॉर्ज सोरोस और उनके बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ट्रंप ने कहा है कि सोरोस और उनके बेटे को हिंसक प्रदर्शनों को समर्थन देने और देश में अन्य गड़बड़ियां फैलाने के लिए रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस एक्ट (RICO) के तहत जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने सोरोस को साइकोपैथ करार दिया है। यह बयान ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर दिया है।
ट्रंप का सोरोस पर हमला
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “जॉर्ज सोरोस और उनके रैडिकल लेफ्ट बेटे को RICO के तहत चार्ज करना चाहिए क्योंकि उन्होंने पूरे अमेरिका में हिंसक प्रदर्शनों को समर्थन दिया है, और भी बहुत कुछ किया है।” उन्होंने आगे कहा, “हम इन पागलों को और ज्यादा अमेरिका को नुकसान नहीं पहुंचाने देंगे।” ट्रंप ने सोरोस को “साइकोपैथ्स का समूह” कहकर तंज कसा और उनके “वेस्ट कोस्ट के दोस्तों” को भी चेतावनी दी कि “हम तुम्हें देख रहे हैं।” यह बयान सोरोस के खिलाफ ट्रंप के पुराने हमलों की कड़ी में एक और कदम है, जिन्हें वे अक्सर लेफ्ट-लिबरल विचारधारा और सामाजिक आंदोलनों को फंड करने का जिम्मेदार ठहराते हैं।
RICO एक्ट क्या है?
रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस एक्ट (RICO) 1970 में अमेरिका में बनाया गया एक कानून है, जिसका मकसद संगठित अपराध से निपटना है। यह कानून न सिर्फ अलग-अलग अपराधों, बल्कि अपराधों के एक पैटर्न को टारगेट करता है, जिसे रैकेटियरिंग कहा जाता है। इसके तहत दोषी पाए गए लोगों को लंबी जेल की सजा और संपत्ति जब्त होने जैसी सख्त सजा हो सकती है। यह कानून न केवल आपराधिक मुकदमों के लिए, बल्कि सिविल मुकदमों के लिए भी इस्तेमाल होता है। ट्रंप का RICO का जिक्र करना यह दर्शाता है कि वे सोरोस और उनके बेटे को संगठित अपराध से जोड़कर देख रहे हैं।
सोरोस का विवादों से पुराना नाता
वामपंथी विचारधारा के समर्थक सोरोस का विवादों से पुराना नाता है। ये वही सोरोस है, जिसने भारत में पीएम मोदी की सरकार को अस्थिर करने के लिए 1500 करोड़ रुपए खर्च करने की बात कही थी। वे अपने ओपन सोसाइटी फाउंडेशंस के जरिए दुनिया भर में कथित तौर पर लोकतंत्र, मानवाधिकार और सामाजिक सुधारों को बढ़ावा देने के लिए फंडिंग करते हैं। हालांकि, असली बात ये है कि अपने संगठन के जरिए सोरोस लगातार दुनियाभर में सरकारों को अस्थिर करने की कोशिस करता है। इससे पहले एलन मस्क भी सोरोस पर लोकतंत्र को अस्थिर करने का आरोप लगा चुके हैं।

















