गत 21 अगस्त को दिल्ली के 13, भाई वीरसिंह मार्ग स्थित दिल्ली सेवा भारती के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में गुजरात सेवा भारती के न्यासी श्री प्रवीण भाई मनिहार ने लेह-लद्दाख में बादल फटने के बाद आई बाढ़ में तबाह हो गए लोगों के पुनर्वास हेतु एक करोड़ रुपए की सहायता राशि "लद्दाख आपदा सहायता कोष" में जमा की। उन्होंने यह राशि रा.स्व.संघ, दिल्ली के प्रांत संघचालक श्री रमेश प्रकाश और सेवा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सूर्य प्रकाश टोंक को चेक के रूप में सौंपी।
कार्यक्रम में लेह-लद्दाख में हुई जान-माल की हानि को वीडियो द्वारा प्रदर्शित किया गया, जिसमें सेवा भारती और रा.स्व.संघ के कार्यकर्ताओं को राहत एवं बचाव कार्य करते हुए दिखाया गया है। इसके पश्चात् जम्मू-कश्मीर के प्रांत सेवा प्रमुख श्री जयदेव ने लेह-लद्दाख की वर्तमान स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक प्रकोप के कारण वहां 205 लोगों की मृत्यु हो गई तथा 250 से ज्यादा गुमशुदा हैं। 230 लोग घायल हैं एवं सेना के 23 जवानों की मृत्यु तथा 12 लापता हैं। श्री जयदेव ने पुनर्वास की योजना के बारे में बताते हुए कहा कि अभी वहां 100 मकान बनाने की योजना है। इस अवसर पर रा.स्व.संघ, उत्तर क्षेत्र के क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री श्रीनिवास मूर्ति, दिल्ली के प्रांत सेवा प्रमुख श्री अजय कुमार, राष्ट्रीय सेवा भारती के महामंत्री श्री ऋषिपाल डडवाल, सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित थीं। प्रतिनिधि
NEWS