ठाकुर रामसिंह की स्मृति में आयोजित श्रद्धाञ्जलि सभा में वक्ताओं ने कहा


उनका व्यक्तित्व बहुआयामी था

गत 10 सितम्बर को अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना समिति, दक्षिण बिहार प्रांत के तत्वावधान में समिति के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक व प्रख्यात चिन्तक ठाकुर रामसिंह के निधन पर विश्व संवाद केन्द्र, पटना के सभागार में श्रद्धाञ्जलि सभा का आयोजन किया गया।

सभा के अध्यक्ष पटना विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास एवं पुरातत्व विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डा. जयदेव मिश्र ने ठाकुर रामसिंह के कर्मशील जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके सम्पूर्ण शोध आलेखों के पुस्तकाकार प्रकाशन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत का समस्त इतिहास लिखित रूप में हमारे ग्रंथों में सुरक्षित है और इतिहास संकलन समिति योजनापूर्वक उसे व्यवस्थित कर रही है, किन्तु यह कार्य और भी द्रुतगति से करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री श्री दिनेश कुमार ने ठाकुर रामसिंह के साथ बिताए अपने क्षणों और उनके तपस्वी जीवन का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि असम क्षेत्र में प्रचारक जीवन के दौरान ठाकुर साहब की एक आंख सदा के लिए चली गई थी। उन्होंने कहा कि ठाकुर रामसिंह अपने पद का अनुचित लाभ उठाकर अपने मित्रों सगे-संबंधियों की सहायता करने के सख्त विरोधी थे। उन्होंने अपने जीवन में इसका पूरा-पूरा पालन किया। श्री दिनेश कुमार ने कहा कि ठाकुर जी की यह स्पष्ट मान्यता थी कि समूची दुनिया वैदिकधर्मी थी। भारत का राजनीतिक साम्राज्य, अरब से फिलिपीन्स तक विस्तृत था। पूरी दुनिया को भारत से वस्तुएं निर्यात की जाती थीं, यहां तक कि इसी देश ने दुनिया को पहनने के लिए वस्त्र भी दिए।

कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, भारत सरकार के पूर्व अधीक्षण पुरातत्वविद् एवं विख्यात पुरातत्ववेत्ता डा. वीरेन्द्रनाथ मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभा को विश्व हिन्दू परिषद् के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री नित्यगोपाल चक्रवर्ती, "सनातन भारत" (हिन्दी-मासिक, पटना) के संपादक श्री शिवदत्त मिश्र, विश्व संवाद केन्द्र, पटना के संचालक श्री संजीव कुमार, प्रख्यात चिन्तक श्री राकेश मेहता इत्यादि ने भी सम्बोधित किया। सभा का संचालन समिति के प्रदेश संयोजक श्री गुंजन अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम के अन्त में ठाकुर रामसिंह की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।

NEWS