नवादा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन नौजवानों के चरित्र निर्माण की कुंजी है विद्यार्थी परिषद् -दत्तात्रेय होसबले, सह-सरकार्यवाह, रा.स्व.संघ


राष्ट्र के लिए बलिदान से बड़ी कोई भक्ति नहीं है। राष्ट्रीयता की रक्षा के लिए बलिदान देने का दूसरा नाम ही विद्यार्थी परिषद् है। उक्त बातें रा.स्व.संघ के सह-सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबले ने गत दिनों नवादा (बिहार) में विद्यार्थी परिषद् के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।

श्री होसबले ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ही मात्र ऐसा छात्र संगठन है, जो राष्ट्रविरोधी तत्वों तथा आतंकवादियों से लड़ने में बलिदान देने के साथ ही विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण का पाठ पढ़ाता है। जिसके बल पर देश की अस्मिता की रक्षा करने के लिए करोड़ों युवा मर मिटने को तैयार होते हैं। उन्होंने परिषद् के कार्यकर्ताओं की वीरता की चर्चा करते हुए कहा कि एक आंख में भारतमाता की वेदना का आंसू है, तो दूसरी आंख में राष्ट्रविरोधियों से लोहा लेने को तैरता खून। एक तरह से विद्यार्थी परिषद् भारत के नौजवानों के चरित्र निर्माण की कुंजी है।

क्षेत्र प्रचारक श्री स्वांत रंजन ने कहा कि विद्यार्थी परिषद् की एक अद्भुत विचारधारा है, जो ऐसे व्यक्तित्वों का निर्माण करती है जो देश एवं राष्ट्र के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाने को भी कम मानते हैं। ऐसे विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ता ही हैं जो अपनी युवावस्था को भारतमाता की जयकार करने में लगा देते हैं।

इस अवसर पर प्रान्त प्रचारक श्री अनिल ठाकुर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री दिनेश कुमार, विधायक श्री अनिल सिंह तथा भारतीय मंजदूर संघ के संगठन मंत्री श्री शिवनारायण प्रसाद सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ता उपस्थित थे। द प्रतिनिधि

NEWS